मुंबई: कॉलेज छात्रा को मिला 35 करोड़ का आयकर विभाग का नोटिस, साइबर ठगी की हुई शिकार

by Manu
छात्रा को आयकर विभाग का नोटिस

मुंबई, 25 अप्रैल 2025: आयकर विभाग (Income Tax Department) ने मुंबई के मलाड में रहने वाली एक कॉलेज छात्रा को उसके खाते में 35 करोड़ रुपये के बैंक लेनदेन के लिए नोटिस जारी किया है। इस घटना से अनजान युवती तुरंत मालवणी पुलिस स्टेशन पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।

जांच के दौरान पुलिस ने एक ऐसे रैकेट का पर्दाफाश किया, जिसमें बेरोजगार युवकों को नौकरी दिलाने की उम्मीद में दस्तावेज हासिल किए जाते थे, उनके नाम पर खाते खोले जाते थे और साइबर ठगी का पैसा जमा कराया जाता था। पुलिस ने इस मामले में अभिषेक पांडे (21) को बोरीवली (पश्चिम) और आकाश विश्वकर्मा (22) को कांदिवली (पूर्व) से गिरफ्तार किया है।

आयकर विभाग का नोटिस देख घबराई तमन्ना

मलाड (पश्चिम) के मालवणी इलाके की निवासी तमन्ना गौस को आयकर विभाग से एक नोटिस मिला, जिसमें कहा गया कि उनके खाते में 35 करोड़ रुपये का बैंक लेनदेन हुआ है। सामान्य परिवार से ताल्लुक रखने वाली तमन्ना को ऐसा नोटिस मिलने पर वह घबरा गईं और उन्होंने तुरंत मलाड के मालवाणी पुलिस स्टेशन से संपर्क कर इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई।

युवती ने पुलिस को बताया कि उसने कभी ये बैंक खाते नहीं खोले और उसे इन बैंक खातों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। युवती ने बताया कि एक बार उसने अपने निजी दस्तावेज अज्ञात युवकों को सौंपे थे। उसे नौकरी की जरूरत थी। लड़की की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 318 (4) (धोखाधड़ी) और आईटी अधिनियम की धारा 66 सी, 66 डी के तहत प्राथमिकी दर्ज की और आगे की जांच की।

जांच के दौरान पुलिस ने अभिषेक पांडे और आकाश विश्वकर्मा का पता लगाया और उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने इन लोगों के पास से 204 सिम कार्ड, 115 पासबुक, 271 डेबिट/क्रेडिट कार्ड, नकदी और लैपटॉप आदि सामान जब्त किया। पुलिस को संदेह है कि आरोपियों ने तमन्ना सहित दर्जनों लोगों के दस्तावेजों का दुरुपयोग किया है।

ये भी देखे: ED ने की जगन रेड्डी की 800 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त, जाने किस मामले मे हुई कार्रवाई?

You may also like