चंदौली, 28 अगस्त 2025: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्कर के पास से 1 किलोग्राम 120 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने बताया कि यह हेरोइन गाजीपुर जिले के जमनिया में सप्लाई की जानी थी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) कृष्ण मुरारी ने गुरुवार को बताया कि पुलिस को जीटीआर पुल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध की तलाशी ली, जिसमें उसके थैले से 1.120 किलोग्राम हेरोइन और 1,000 रुपये नकद बरामद हुए। गिरफ्तार तस्कर की पहचान राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के जावदा थाना क्षेत्र के गुजरोकि मोवरन गांव निवासी सीताराम भील (24 वर्ष) के रूप में हुई।
पुलिस ने तस्कर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि तस्करी के नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
ये भी देखे: अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, दो तस्कर गिरफ्तार