मोहाली, 2 जून 2025: CBI ने दिल्ली के वसंतकुंज से भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के वरिष्ठ अधिकारी अमित कुमार सिंघल को 25 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया। साथ ही, उनके सहयोगी हर्ष कोटक को पंजाब के मोहाली में सिंघल के घर पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।
सिंघल, जो 2007 बैच के आईआरएस अधिकारी हैं और वर्तमान में दिल्ली में करदाता सेवा निदेशालय में अतिरिक्त महानिदेशक के पद पर तैनात हैं, ने कथित तौर पर 45 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
CBI के अनुसार, इस राशि की पहली किस्त के रूप में 25 लाख रुपये शनिवार को मोहाली में उनके आवास पर दी गई थी। छापेमारी के दौरान सीबीआई ने सिंघल के वसंतकुंज और मोहाली स्थित घरों से 3.5 किलो सोना, 2 किलो चांदी, 1 करोड़ रुपये नकद और कई संपत्तियों के दस्तावेज बरामद किए।
शिकायत मिलने पर CBI ने जाल बिछाया और हर्ष कोटक को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। सीबीआई के बयान के अनुसार, सिंघल ने आयकर विभाग से संबंधित मामलों में रियायत देने के बदले रिश्वत की मांग की थी और गैर-अनुपालन पर कानूनी कार्रवाई, भारी जुर्माना और उत्पीड़न की धमकी दी थी।
मामले की जांच जारी है, और CBI की टीमें दिल्ली, पंजाब और मुंबई में कई जगहों पर छापेमारी कर रही हैं।
ये भी देखे: CBI को मिली बड़ी कामयाबी, UAE से लाई दो वांटेड अपराधी, देखे डिटेल्स