Mohali Fire: मोहाली के फैक्ट्री में लगी आग, 9 महीने की बच्ची की मौत

by Manu
मोहाली आग

मोहाली, 30 जून 2025: मोहाली के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-3, शाही माजरा में सोमवार सुबह एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई। इस हादसे में एक नौ महीने की मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग, फैक्ट्री मालिक वरिंदर और एक महिला बबीता, गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायलों को तुरंत मोहाली के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सिलेंडर में आग लगने से फैली आग

फायर विभाग के अधिकारी सुरेश कुमार के अनुसार, फैक्ट्री में चाय बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले छोटे सिलेंडर में आग लगी, जो तेजी से फैल गई। चूंकि फैक्ट्री (D-39) में डाई निर्माण का काम होता था और वहां ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी, आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग एक अस्थायी केबिन में लगी, जहां बिस्तर और चाय बनाने की सुविधा थी।

फायर ब्रिगेड को सुबह करीब 9:45 बजे सूचना मिली, जिसके बाद टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। भीषण गर्मी और ज्वलनशील सामग्री के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल था, लेकिन दमकल कर्मियों ने पानी डालकर धीरे-धीरे आग को नियंत्रित किया। हालांकि, तब तक बच्ची की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, और फैक्ट्री का सारा सामान जलकर राख हो गया।

पुलिस और दमकल की जांच शुरू

मोहाली पुलिस और दमकल विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सिलेंडर विस्फोट को आग का कारण माना जा रहा है, लेकिन अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। इस दुखद घटना ने शाही माजरा और आसपास के इलाके में शोक और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोग और प्रशासन इस हादसे से स्तब्ध हैं, और फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर भी सवाल उठ रहे हैं।

ये भी देखे: जालंधर के ब्राइटवे स्पोर्ट्स फैक्टरी में लगी आग, दमकल के 50 गाड़ियों ने पाया काबू

You may also like