शहर के अलग-अलग वार्डों का विधायक कोहली और डिप्टी कमिश्नर द्वारा दौरा करके विकास कामों का जायजा

by TheUnmuteHindi
शहर के अलग- अलग वार्डों का विधायक कोहली और डिप्टी कमिश्नर द्वारा दौरा करके विकास कामों का जायजा

पटियाला, 7 अप्रैल : पटियाला के विधायक अजीतपाल सिंह कोहली ने आज छुट्टी वाले दिन डिप्टी कमिश्नर डा. प्रीति यादव, ए. डी. सी ईशा सिंगल और अन्य अधिकारियों को साथ लेकर शहर में अलग- अलग वार्डों का दौरा करके विकास कामों और नए होने वाले कामों का जायजा लिया। विधायक कोहली ने कहा कि मुख्य मंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार पटियाला शहर के सर्वपक्षीय विकास के लिए वचनबद्ध है, जिस के लिए लगातार नए प्रयास किये जा रहे हैं।
अजीतपाल सिंह कोहली ने सबसे पहले लक्कड़ मंडी से सनौरी अड्डे को जाने वाली सडक़ का जायजा लिया, जो कि अवैध कब्जों के कारण 100 फुट से 40 फुट की रह जाने के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस सडक़ को चौड़ा करके लोगों को राहत दिलाई जाएगी। इस मौके वार्ड नंबर 33 के पार्षद गीता देवी, 41 के पार्षद अमनप्रीत कौर, 54 के पार्षद जगमोहन चौहान और 58 के पार्षद हनी लूथरा समेत दविन्दर पाल सिंह मिक्की, अमृतपाल सिंह पाली और गोविन्द वैद्य भी मौजूद थे।

श्री वामन अवतार मंदिर के लिए 4.5 करोड़ की तजवीज बना भेजी

इस उपरांत उन्होंने पुरातन श्री वामन अवतार मंदिर का जायजा लिया, जिसकी इमारत और सरोवर की मरम्मत और निर्माण के लिए 4.5 करोड़ रुपए की तजवीज बना कर वित्त कमिश्नर माल को भेजी गई है। उन्होंने कहा कि इस पुरातन मंदिर की काया कल्प की जायेगी। इस दौरान उन्हों ने शिवाला गुजरातियां का भी दौरा किया और कहा कि यहां कम्युनिटी हाल बनाया जाएगा और इसी तरह श्री जगन्नाथ मंदिर की ओर जाते रास्ते को भी बनवाया जाएगा।

बडूंगर और जय जवान कालोनी का किया निरीक्षण

इसके अलावा अजीत पाल सिंह कोहली ने अधिकारियों के साथ बडूंगर में एक गली का जायजा लिया जहां कि पीएसपीसीएल के साथ बात करके इस गली को चौड़ा करने के मसले का हल निकाला जाएगा। इसके बाद उन्होंने जय जवान कालोनी का निरीक्षण किया जहां कि कोविड के दौरान भारतीय फौज की तरफ से रास्ता बंद किया गया था, लोगों की सुविधा को देखते हुए सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बातचीत करके इस रास्ते को खुलवाने के लिए भी चर्चा की गई।

विकास कामों के लिए नए मील पत्थर किये जाएंगे स्थापित : कोहली

विधायक कोहली ने कहा कि वह लोगों के प्रतिनिधि हैं और हमेशा लोग हित के लिए काम करते रहेंगे और शहर निवासियों की सुविधा के लिए विकास कामों के नए मील पत्थर स्थापित किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह पहली बार हुआ है कि लोग अपने प्रतिनिधि को इस तरह मिल कर अपनी समस्याएं बता रहे हों और आम आदमी पार्टी की सरकार तुरंत इस के हल के लिए यत्न कर रही है।

You may also like