नई दिल्ली, 12 मार्च : होली का त्योहार पूरी तरह नजदीक आ चुका है, जिसको लेकर लोगों द्वारा पूरे उत्साह से तैयारियां की जा रही हैं। वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ट्रैफिक एक बड़ी समस्या है। तमाम कोशिशों के बाद भी ट्रैफिक के जाम से जनता को निजात नहीं मिल रहा है। इसके कारण लखनऊ की एक बड़ी आबादी मेट्रो ट्रेन से सफर कर रही है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 14 मार्च को होली के त्योहार पर मेट्रो ट्रेन सेवाएं अपराह्न 2:30 बजे से रात 10:30 बजे तक उपलब्ध रहेंगी। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल निगम लिमिटेड की ओर से जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल निगम लिमिटेड के जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि होली के त्योहार के दिन 14 मार्च, 2025 को मेट्रो ट्रेन सेवाएं अपराह्न 2:30 बजे से रात 10:30 बजे तक उपलब्ध होंगी।
होली की शुभकामनाएं और बधाई दी
इसके साथ ही उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन की ओर से सभी को होली की शुभकामनाएं और बधाई दी गई है।होली के मौके पर बड़ी संख्या में लोग अपने रिश्तेदारों के घर होली मिलने के लिए भी जाते हैं। ऐसे में दोपहर से रात तक मेट्रो चलने से आम लोगों को बड़ी राहत मिल सकेगी।