नई दिल्ली, 26 दिसंबर 2025: 2017 के उन्नाव दुष्कर्म मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाईकोर्ट ने सशर्त जमानत दे दी है। इस फैसले के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट के बाहर लोगों ने भारी विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मंगलवार को हाईकोर्ट ने सेंगर की सजा को अपील लंबित रहने तक निलंबित कर दिया। कोर्ट ने उन्हें दिल्ली में रहने, नियमित हाजिरी देने और अन्य कई सख्त शर्तों के साथ जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया।
फैसले के बाद हाईकोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की और जमानत रद्द करने की मांग की। पुलिस ने भारी बल तैनात कर दिया है। पुलिस ने घोषणा की कि विरोध प्रदर्शन तुरंत खत्म किया जाए, नहीं तो कानूनी कार्रवाई होगी। साथ ही कहा कि अगर विरोध करना है तो जंतर-मंतर पर जाएं।
पीड़िता की मां ने इस फैसले पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा, “इनकी जमानत खारिज की जाए। हम सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। हमें हाईकोर्ट पर भरोसा नहीं रहा। हमें सुप्रीम कोर्ट से न्याय मिलेगा। मेरे पति के हत्यारों को फांसी की सजा होनी चाहिए।”
ये भी देखे: उन्नाव रेप केस: निष्कासित भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को सर्जरी के लिए अंतरिम जमानत मिली