दिल्ली, 27 दिसंबर 2025: जंतर-मंतर पर उन्नाव रेप केस के दोषी कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाईकोर्ट से मिली सशर्त जमानत के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा है। बड़ी संख्या में महिलाएं और सामाजिक कार्यकर्ता यहां जमा हुए। प्रदर्शनकारियों ने सेंगर की जमानत रद्द करने और पीड़िता को न्याय देने की मांग की।
दिल्ली हाईकोर्ट ने मंगलवार को सेंगर की आजीवन कारावास की सजा को अपील लंबित रहने तक निलंबित कर दिया था। कोर्ट ने उन्हें दिल्ली में रहने समेत कई सख्त शर्तों के साथ जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया। इस फैसले के खिलाफ पीड़िता के समर्थन में लोग जंतर-मंतर पर एकत्र हुए।
प्रदर्शन के दौरान कुलदीप सेंगर के समर्थन में एक महिला बैनर लेकर पहुंची। बैनर पर ‘आई सपोर्ट कुलदीप सेंगर’ लिखा था। इस महिला को देखकर पीड़िता के समर्थन में आए लोगों के बीच तीखी बहस छिड़ गई।
महिला ने प्रदर्शनकारियों से कहा, “रेप पर राजनीति मत करिए। रेप पर राजनीति करना बंद करो।” इस पर सामाजिक कार्यकर्ता योगिता भयाना ने ‘शर्म करो’ के नारे लगाए। दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ता नजर आया।
पुलिस ने मौके पर भारी बल तैनात किया है। प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। प्रदर्शनकारियों ने सुप्रीम कोर्ट में अपील करने की बात कही है।
ये भी देखे: उन्नाव रेप केस: निष्कासित भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को सर्जरी के लिए अंतरिम जमानत मिली