नई दिल्ली,2 अप्रैल 2025: देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने बुधवार को कहा कि वह 8 अप्रैल से विभिन्न मॉडलों की कीमतों में 2,500-62,000 रुपये तक की बढ़ोतरी करेगी।
ऑटो प्रमुख ने एक नियामक फाइलिंग में कहा कि कंपनी ने बढ़ती इनपुट लागत, परिचालन व्यय, नियामक परिवर्तनों और फीचर एडिशन के कारण कार की कीमतों में वृद्धि करने की योजना बनाई है। कंपनी ने कहा कि हालांकि कंपनी लागत को अनुकूलित करने और अपने ग्राहकों पर प्रभाव को कम करने के लिए प्रतिबद्ध है। लेकिन वह बढ़े हुए खर्चों का कुछ हिस्सा बाजार पर डालने के लिए बाध्य है।
कंपनी ने कहा कि वह कॉम्पैक्ट एसयूवी फ्रोंक्स की कीमत 2,500 रुपये डिजायर टूर एस की कीमत 3,000 रुपये और मल्टी परपज व्हीकल्स एक्सएल6 और अर्टिगा की कीमत 12,500 रुपये बढ़ाएगी। कंपनी ने कॉम्पैक्ट मॉडल वैगन आर की कीमत 14,000 रुपये और ईको वैन की कीमत 22,500 रुपये बढ़ाने की भी योजना बनाई है। कंपनी ने कहा कि इसके अलावा एसयूवी ग्रैंड विटारा की कीमत 8 अप्रैल से 62,000 रुपये बढ़ जाएगी।
मारुति सुजुकी घरेलू बाजार में एंट्री-लेवल ऑल्टो के-10 से लेकर मल्टीपल पर्पज व्हीकल इनविक्टो तक के मॉडल बेचती है। जनवरी में कंपनी ने 1 फरवरी से विभिन्न मॉडलों की कीमतों में 32,500 रुपये तक की बढ़ोतरी की घोषणा की थी। मारुति सुजुकी के शेयर बुधवार को बीएसई पर 2.09 फीसदी की तेजी के साथ 11,715.05 रुपये पर बंद हुए है।