मल्लिकार्जुन खरगे का पीएम मोदी पर हमला, कहा- 42 देशों का दौरा किया लेकिन मणिपुर नहीं गए

by Manu
मल्लिकार्जुन खरगे

नई दिल्ली, 19 जुलाई 2025: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को मैसूर में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी 42 देशों का दौरा कर चुके हैं, लेकिन मणिपुर की स्थिति को देखने वहां नहीं गए। खरगे ने केंद्र सरकार पर कांग्रेस को निशाना बनाने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई को लेकर कहा कि यह वाड्रा और गांधी परिवार को बदनाम करने की साजिश है। खरगे ने इसे व्यक्तिगत बदले की कार्रवाई करार देते हुए कहा कि यह सब कांग्रेस को कमजोर करने की कोशिश है, लेकिन इसमें केंद्र सरकार कभी कामयाब नहीं होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि अदालतें हैं और वाड्रा को परेशान करना गलत है। कांग्रेस उनके अच्छे काम का समर्थन करती है।

खरगे ने यह भी कहा कि जनता भाजपा और आरएसएस को संविधान बदलने की इजाजत नहीं देगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में लोग काम करते हैं, जबकि मोदी की भाजपा में लोग सिर्फ बोलते हैं। यह बयान सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

ये भी देखे: मल्लिकार्जुन खरगे ने शशि थरूर पर कसा तंज, तो आया पलटवार; क्या कांग्रेस छोड़ेंगे?

You may also like