लुधियाना, 24 फरवरी 2026: लुधियाना की ताजपुर रोड स्थित सेंट्रल जेल एक बार फिर विवादों में घिर गई है। जेल के भीतर नशा और मोबाइल फोन पहुंचाने का बड़ा रैकेट चल रहा था जिसका भंडाफोड़ जेल प्रशासन और पुलिस की सतर्कता से हुआ। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह काम जेल में तैनात एक PESCO कर्मचारी कर रहा था।
सहायक सुपरडेंट विजय कुमार की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। आरोपी PESCO कर्मचारी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जेल प्रशासन ने 22 फरवरी 2026 को बैरकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया था। इस दौरान दो कैदियों के पास से संदिग्ध सामग्री बरामद हुई। हवालाती सतविंदर सिंह और कैदी रिकी के पास से कुल 30 ग्राम नशीला पाउडर 1400 ग्राम तंबाकू और दो कीपैड मोबाइल फोन जब्त किए गए।
जांच में पता चला कि ये सामग्री जेल के बाहर से PESCO कर्मचारी के जरिए अंदर पहुंचाई जा रही थी। आरोपी कर्मचारी जेल में ड्यूटी के दौरान कैदियों से संपर्क बनाकर नशा और मोबाइल की सप्लाई का जिम्मा संभाल रहा था।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ-साथ NDPS एक्ट और जेल मैनुअल उल्लंघन की धाराएं लगाई हैं।
ये भी देखे: लुधियाना सेंट्रल जेल में कैदियों ने जेल अधीक्षक का सिर फोड़ा, कई अधिकारी घायल