चंडीगढ़, 03 अप्रैल 2026: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को पंचकूला स्थित एसोसिएटिड जनरल्स लिमिटेड (AJL) को प्लॉट आवंटन मामले में बड़ी राहत मिली है। CBI की विशेष कोर्ट ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा और पूर्व कांग्रेस नेता मोती लाल वोरा को आरोप मुक्त कर दिया है।
मोती लाल वोरा का छह वर्ष पहले निधन हो चुका है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा शुक्रवार को खुद कोर्ट में पेश हुए।
इस मामले में CBI की विशेष कोर्ट द्वारा आरोप तय किए जाने के खिलाफ हुड्डा ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट की जस्टिस त्रिभुवन दहिया की एकल पीठ ने करीब एक महीने पहले सुनवाई करते हुए कहा था कि बिना पर्याप्त आधार के आपराधिक मुकदमा जारी रखना न्यायिक प्रक्रिया का दुरुपयोग है।
कोर्ट ने प्रथम दृष्टया आरोप साबित नहीं होने का हवाला देते हुए विशेष कोर्ट के आरोप तय करने के आदेशों को खारिज कर दिया था।
आज शुक्रवार को CBI की विशेष कोर्ट में दोबारा सुनवाई हुई। हुड्डा के वकील एस.पी.एस. परमार ने उनका पक्ष रखा। दलीलें सुनने के बाद विशेष कोर्ट ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा और मोती लाल वोरा को सभी आरोपों से मुक्त कर दिया।
ये भी देखे: भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर हुई हरियाणा कांग्रेस विधायक दल की बैठक