हिमाचल,24 जुलाई, 2025: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हिमाचल सड़क परिवहन निगम (HRTC) की एक बस सरकाघाट के मसरेन के पास गहरी खाई में जा गिरी। मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में क़रीब 20 से 25 लोग घायल हुए हैं। जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह हादसा सुबह करीब 9 बजे मसरेन के त्रांगला गाँव के नजदीक एक मोड़ पर हुआ। बताया जा रहा है कि बस मोड़ से अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। सरकाघाट के डीएसपी भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं।
त्रांगला गाँव की एक महिला, मधु ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके घर के पास ही यह हादसा हुआ है। फिल्हाल, घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाने का काम चल रहा है। हादसे के कारणों की जाँच की जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और राहत व बचाव कार्य जारी है।
यह भी पढ़ें: हैरान कर देने वाला मामला! करोड़ों की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़