लुधियाना, 15 अगस्त 2025: स्वतंत्रता दिवस 2025 के अवसर पर पंजाब पुलिस द्वारा किए गए कड़े सुरक्षा प्रबंधों और चेकिंग अभियान के दौरान समराला पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस चौकी हेडों के पास नाकाबंदी के दौरान एक फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार पांच ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से 4.8 लाख रुपये की ड्रग मनी, 50 ग्राम मॉर्फीन और 3 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
एसएचओ पवित्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर अमृतसर जिले के छेहरटा थाना क्षेत्र के निवासी हैं और शुक्रवार सुबह अमृतसर से चंडीगढ़ की ओर जा रहे थे। गाड़ी में सवार पांचों युवक- अजय देवगन (ड्राइवर), प्राण शर्मा, दीपक, परमदीप और लवप्रीत- आपस में दोस्त हैं। गाड़ी की तलाशी के दौरान पुलिस ने ड्रग्स और ड्रग मनी बरामद की।
एसएचओ ने खुलासा किया कि मुख्य आरोपी अजय देवगन पर पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं और वह दो दिन पहले ही एक किलो हेरोइन बरामदगी के मामले में जमानत पर जेल से रिहा हुआ था। पुलिस अब गहन जांच कर रही है कि ये तस्कर ड्रग्स कहां से खरीदते थे और इसे किन-किन जगहों पर सप्लाई करते थे।
ये भी देखे: समराला पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी चोट, दंपती सहित तीन गिरफ्तार