Chhattisgarh Encounter: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें सुरक्षाबलों ने नक्सलियों को भारी नुकसान पहुंचाया है। बीजापुर पुलिस के अनुसार, यह मुठभेड़ बीजापुर-दंतेवाड़ा सीमा पर गंगालूर थाना क्षेत्र के जंगलों में हुई, जहां 18 नक्सलियों को मार गिराया गया। वहीं, कांकेर में भी सुरक्षाबलों ने चार नक्सलियों को ढेर कर दिया। हालांकि, इस मुठभेड़ में बीजापुर डीआरजी के एक जवान ने वीरगति प्राप्त की।
छत्तीसगढ़ के जंगलों में अब भी जारी है ऑपरेशन
बीजापुर के एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि मुठभेड़ अब भी जारी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह मुठभेड़ उस समय शुरू हुई जब डीआरजी, एसटीएफ और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम गंगालूर थाना क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। अभियान के दौरान गुरुवार सुबह माओवादियों और सुरक्षा बलों के बीच भारी गोलीबारी हुई, जो कई घंटों तक जारी रही।
भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद
मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें नक्सलियों के ठिकाने से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए। वहीं, मुठभेड़ स्थल से अब तक दो नक्सलियों के शव भी बरामद किए गए हैं।
सुरक्षा बलों की इस बड़ी कार्रवाई से नक्सल प्रभावित क्षेत्र में हलचल बढ़ गई है। अधिकारियों का कहना है कि इलाके में अभी भी रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है और सुरक्षाबलों की टीम लगातार अभियान को अंजाम दे रही है। इस मुठभेड़ को हाल के दिनों में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक माना जा रहा है।
ये भी देखे: 30 मार्च को नागपुर में पीएम मोदी का दौरा, RSS मुख्यालय जाएंगे मोदी