चंडीगढ़, 12 अप्रैल 2025: बीजेपी के पूर्व प्रधान और पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया के जालंधर स्थित घर पर 7-8 अप्रैल, 2025 की मध्य रात्रि को हुए ग्रेनेड हमले के मामले में जालंधर कमिश्नरेट पुलिस, केंद्रीय एजेंसियों और दिल्ली पुलिस ने मिलकर बड़ी कामयाबी हासिल की है। उत्तर प्रदेश के अमरोहा निवासी सैदुल अमीन को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है, जो इस हमले का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक अन्य संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है, जिससे एनआईए की टीम पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने मनोरंजन कालिया के घर हुए घटना के 12 घंटे के भीतर ही दो स्थानीय सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया था, जो मुख्य आरोपी को रसद सहायता दे रहे थे। अब जांच हमले के पीछे के संचालकों, वित्तीय समर्थकों और संभावित विदेशी कनेक्शनों का पता लगाने की दिशा में तेजी से बढ़ रही है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि पंजाब पुलिस संगठित अपराध को जड़ से खत्म करने और राज्य में शांति व सद्भाव बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
ये भी देखे: दलबीर सिंह गोल्डी कांग्रेस मे हुए शामिल, भूपेश बघेल ने किया पार्टी मे स्वागत