महेंद्रगढ़ पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे 14 बांग्लादेशी नागरिकों को किया डिपोर्ट

by Manu
महेंद्रगढ़ पुलिस

महेंद्रगढ़, 01 अगस्त 2025: महेंद्रगढ़ पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज करते हुए 14 बांग्लादेशी नागरिकों को उनके देश वापस भेज दिया है। ये लोग कई महीनों से बिना वैध दस्तावेजों के जिले में रह रहे थे।

पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ ने बताया कि पुलिस बांग्लादेशी और रोहिंग्या नागरिकों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। अप्रैल 2025 में गुप्त सूचना के आधार पर आकोदा क्षेत्र की पूजा ब्रिक्स कंपनी भट्ठे से इन 14 बांग्लादेशियों को हिरासत में लिया गया था।

पूछताछ के दौरान इन लोगों से पासपोर्ट, वीजा या कोई पहचान पत्र मांगा गया, लेकिन वे कोई भी वैध दस्तावेज दिखाने में असफल रहे। इसके बाद, कानूनी प्रक्रिया के तहत फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (एफआरआरओ) के जरिए सभी 14 व्यक्तियों को बांग्लादेश डिपोर्ट कर दिया गया।

एसपी वशिष्ठ ने कहा कि संदिग्धों की पहचान के लिए जिले में डॉग स्क्वायड और कमांडो टीमों के साथ नियमित रूप से विशेष जांच अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि अवैध प्रवासियों पर नकेल कसी जा सके।

ये भी देखे: महेंद्रगढ़ पुलिस ने 1 किलो गांजा पत्ती के साथ शातिर बदमाश को किया गिरफ्तार

You may also like