जोड़ियां भट्ठियां चौक की श्री राम लीला में प्रभु राम ने किया ताड़का का वध
जोड़ियां भट्ठियां रॉयल यूथ क्लब और श्री राम लीला प्रबंधक कमेटी की ओर से प्रधान वरुण जिंदल की देखरेख में आयोजित श्री राम लीला के दूसरे दिन प्रभु राम के दर्शन करके श्रृद्धालु हुए मंत्रमुग्ध
— दूसरे नवरात्र से श्री राम लीला में राक्षसों के उद्धार का क्रम प्रारंभ
पटियाला : जोड़ियां भट्ठियां रॉयल यूथ क्लब और श्री राम लीला प्रबंधक कमेटी की ओर से प्रधान वरुण जिंदल की देखरेख में आयोजित श्री राम लीला के दूसरे दिन के मंचन में प्रभु राम के बाल रूप ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। शुक्रवार को श्री राम लीला में सर्वप्रथम जहां एक ओर प्रभु राम की बाल लीलाओं को प्रस्तुत किया गया, वहीं माता सीता की तरफ से बाल्यकाल में ही शिव धनुष उठाने के सुंदर और मनमोहक दृश्य की प्रस्तुति दी गई।
प्रधान वरुण जिंदल ने बताया कि डॉ. आशीष कौशल और डॉ. सोनिया सोढी कौशल के निर्देशन में दूसरे दिन श्री राम लीला का आरंभ प्रभु राम और माता सीता के बाल रूप के दृश्यों के साथ किया गया। जिसके पश्चात प्रभु राम की तरफ से राक्षसों के उद्धार का क्रम शुरू किया गया। महर्षि विश्वामित्र के आने का मंचन हुआ, जहां महाराज दशरथ ने महर्षि विश्वामित्र का स्वागत सत्कार किया और उन्होंने पूजा पाठ के दौरान ताड़का द्वारा यज्ञ भंग करने के बारे में जानकारी दी। महर्षि विश्वामित्र ने ताड़का को समाप्त करने के लिये राम-लक्ष्मण की मांग की, तब महाराज दशरथ ने भारी मन से महर्षि को अपने दोनों पुत्रों को सौंप दिया, जिन्होंने वन जाते ही राक्षसी ताड़का का वध कर दिया। पुष्प वाटिका में प्रभु श्री राम और माता सीता के पहली बार एक-दूसरे को देखने के दृश्य ने सभी का मनमोह लिया।
दूसरे दिन महाराज दशरथ का चारों राजकुमारों के साथ खेलना, विश्वामित्र के आश्रम में राक्षसों की तरफ से उत्पात मचाना, महर्षि विश्वामित्र का महाराज दशरथ से सहायता मांगना, महर्षि विश्वामित्र की तरफ से राम-लक्ष्मण को शक्तियां प्रदान करना, ताड़का वध, अहिल्या उद्धार और पुष्प वाटिका का दृश्य प्रस्तुत किया गया। प्रधान ने बताया कि रोजाना रात्रि 9:00 बजे श्री रामलीला का आरंभ हो जाएगा, जो रात्रि 11:30 बजे तक चलेगी और 12 अक्टूबर को बड़ी धूमधाम से दशहरे का पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर जोड़ियां भट्ठियां रॉयल यूथ क्लब और श्री रामलीला प्रबंधक कमेटी के सभी सदस्य मौजूद रहे।
जोड़ियां भट्ठियां चौक की श्री राम लीला में प्रभु राम ने किया ताड़का का वध
154