अंकारा, 25 दिसंबर 2025: तुर्की की राजधानी अंकारा से लीबिया लौट रहे एक प्राइवेट जेट विमान में उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में लीबिया के सेना प्रमुख जनरल मोहम्मद अली अहमद अल-हद्दाद, चार वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और तीन क्रू मेंबरों की मौके पर ही मौत हो गई।
तुर्की अधिकारियों के अनुसार, लीबियाई सैन्य प्रतिनिधिमंडल तुर्की-लीबिया के बीच सैन्य सहयोग को मजबूत करने वाली उच्चस्तरीय रक्षा वार्ता के लिए अंकारा आया था। बैठक समाप्त होने के बाद प्रतिनिधिमंडल लीबिया लौट रहा था। विमान में तकनीकी खराबी आने के कारण यह हादसा हुआ।
लीबिया के प्रधानमंत्री अब्दुल-हमीद डबीबा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए जनरल अल-हद्दाद और अन्य अधिकारियों की मौत की पुष्टि की। उन्होंने इसे “बहुत बड़ी क्षति” बताते हुए कहा कि यह एक दुखद दुर्घटना है।
प्रारंभिक जांच में विमान में तकनीकी खराबी को मुख्य कारण माना जा रहा है। तुर्की और लीबिया दोनों सरकारों ने संयुक्त जांच टीम गठित करने की घोषणा की है।
ये भी देखे: अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो पर हेलीकॉप्टर क्रैश, 5 लोगों की मौत