कुणाल कामरा के तंज से महाराष्ट्र में हंगामा, शिंदे पर टिप्पणी से शिवसेना भड़की

by Manu
कुणाल कामरा के तंज से महाराष्ट्र में हंगामा

Kunal Kamra Eknath Shinde Controversy: महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा की तीखी टिप्पणी ने राज्य में सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। कामरा ने अपने हालिया शो ‘नया भारत’ में शिंदे पर व्यंग्य कसते हुए उन्हें ‘गद्दार’ कहकर तंज किया, जिसके बाद शिवसेना (शिंदे गुट) के कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए शिवसैनिकों ने मुंबई के खार इलाके में उस होटल और स्टूडियो में तोड़फोड़ की, जहां यह शो रिकॉर्ड हुआ था। साथ ही, कामरा के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर मुंबई पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

फडणवीस की सख्त प्रतिक्रिया

इस विवाद पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार को मुंबई में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, “कॉमेडी और व्यंग्य का अपना एक दायरा होता है। कुणाल कामरा ने जिस तरह से उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को अपमानित करने की कोशिश की, वह पूरी तरह गलत है। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। ऐसी हरकतें बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं।” फडणवीस ने आगे कहा, “कामरा को यह समझना चाहिए कि 2024 के चुनाव में जनता ने साफ कर दिया है कि कौन देशद्रोही है और कौन नहीं। हंसी-मजाक का अधिकार सबको है, लेकिन जानबूझकर बड़े नेताओं को बदनाम करना स्वीकार्य नहीं है। इसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई होगी।”

शिवसेना का गुस्सा, तोड़फोड़ और एफआईआर

कामरा के इस तंज के बाद शिवसेना (शिंदे गुट) के कार्यकर्ताओं ने रविवार रात खार के ‘यूनिकॉन्टिनेंटल होटल’ और ‘हैबिटेट स्टूडियो’ में जमकर उत्पात मचाया। कुर्सियां तोड़ी गईं, कैमरे और लाइट्स को नुकसान पहुंचाया गया। शिवसेना विधायक मुरजी पटेल ने कामरा के खिलाफ एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई और दो दिन में माफी मांगने की चेतावनी दी। पटेल ने कहा, “अगर कामरा माफी नहीं मांगते, तो शिवसैनिक उन्हें मुंबई में चैन से घूमने नहीं देंगे।” वहीं, शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने कामरा को ‘किराए का कॉमेडियन’ करार देते हुए आरोप लगाया कि वे उद्धव ठाकरे के इशारे पर शिंदे को निशाना बना रहे हैं।

विपक्ष का पलटवार

दूसरी ओर, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत और आदित्य  ठाकरे ने इस तोड़फोड़ की निंदा की है। राउत ने फडणवीस को ‘कमजोर गृह मंत्री’ करार दिया और कहा, “कुणाल का व्यंग्य सच को सामने लाया, जिसे शिंदे गुट बर्दाश्त नहीं कर पाया।”  आदित्य ने इसे ‘कायराना हरकत’ बताया और कहा, “कामरा का गाना 100% सच था, सिर्फ असुरक्षित लोग ही ऐसे हंगामे पर उतरते हैं।”

ये भी देखे: कर्नाटक बंद के चलते महाराष्ट्र परिवहन निगम ने बस सेवाएं रोकी, यात्रियों को हो रही परेशानी

You may also like