हिसार, 25 अगस्त 2025: पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार ज्योति मल्होत्रा को सोमवार को अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश किया गया। यह उनकी दसवीं पेशी थी। जेएमआईसी सुनील कुमार की अदालत में पेशी के दौरान ज्योति के वकील कुमार मुकेश ने बताया कि आज भी उन्हें चार्जशीट की कॉपी नहीं सौंपी गई। उन्होंने कहा कि चार्जशीट प्राप्त करने के लिए अदालत में याचिका दायर की जाएगी।
वकील मुकेश ने स्पष्ट किया कि ज्योति की अगली सुनवाई 2 सितंबर को निर्धारित है, जिसमें उन्हें फिर से व्यक्तिगत रूप से पेश होना होगा। आज की पेशी का मकसद चार्जशीट की कॉपी सौंपना था, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। पुलिस ने एक और आवेदन दाखिल किया है। वकील ने आरोप लगाया कि पुलिस जानबूझकर देरी कर रही है, जिससे लगता है कि उनके पास इस केस में मजबूत सबूत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि आज तक ऐसा नहीं देखा गया कि पुलिस को चालान में दस्तावेजों की कमी के कारण आवेदन दाखिल करना पड़े। मुकेश ने आगे बताया कि अगर चालान 100 पेज से ज्यादा का है, तो उसकी डिजिटल कॉपी उपलब्ध कराई जाएगी।
ये भी देखे: यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के खिलाफ 2500 पेज की चार्जशीट दाखिल, बढ़ीं मुश्किलें