साहिबगंज, 1 अप्रैल 2025: झारखंड के साहिबगंज जिले के बरहेट में आज सुबह एक दर्दनाक रेल हादसा हुआ है। एनटीपीसी फाटक के पास फरक्का-ललमटिया एमजीआर रेलवे लाइन पर दो मालगाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर हुई, जिसमें दो लोको पायलट समेत तीन लोगों की जान चली गई।
सुबह 3:30 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 3:30 बजे हुई। बरहेट थाना क्षेत्र में स्थित इस रेलवे लाइन पर एक मालगाड़ी पटरी पर खड़ी थी। तभी दूसरी दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक कोयले से लदी मालगाड़ी ने उससे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियों के इंजन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें आग लग गई। हादसे में दो लोको पायलट और एक अन्य कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा, चार से पांच रेलकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर के बाद कोयले से भरी मालगाड़ी के इंजन में आग की लपटें उठने लगीं। आग की वजह से हालात और बेकाबू हो गए, जिसके बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे की खबर मिलते ही जिला प्रशासन और रेलवे की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है।
ये भी देखे: ग्रेटर नोएडा में कूलर फैक्ट्री में लगी भीषण आग: आसमान में छाया धुएं का गुबार