जालंधर, 06 जून 2025: Jalandhar News: जालंधर के वार्ड नंबर 18 में रेलवे लाइन के पास एक 22 वर्षीय युवक राहुल का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। राहुल उत्तर प्रदेश के बहराइच का रहने वाला था और अपने परिवार के साथ जालंधर (Jalandhar News) में रह रहा था। वह पिछले तीन दिन से लापता था।
परिवार वालों ने लगाया हत्या का आरोप
राहुल के पिता बैजनाथ, जो पेशे से प्लंबर हैं, ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके बेटे को एक लड़की बार-बार फोन कर रही थी। जब उन्होंने इसकी शिकायत लड़की के परिजनों से की, तो राहुल को धमकियां मिलने लगीं। परिवार का दावा है कि उसे जान से मारने की धमकियां दी गई थीं, जिसके तनाव में वह तीन दिन पहले लापता हो गया।
परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उन्होंने राहुल की गुमशुदगी की शिकायत पुलिस को दी थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। परिवार का मानना है कि अगर पुलिस समय पर सक्रिय होती, तो यह दुखद घटना टल सकती थी।
राहुल के परिवार ने उसकी मौत को आत्महत्या नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश करार दिया है। उनका कहना है कि लगातार धमकियों और मानसिक दबाव के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने लड़की और उसके परिजनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस गहन जांच कर रही है।
ये भी देखे: Punjab News: जालंधर के पंजाब एवेन्यू में NRI के घर में चोरी