जालंधर नगर निगम की अवैध निर्माणों पर सख्ती, तारा पैलेस तीसरी बार सील

by Manu
तारा पैलेस सील

जालंधर, 27 मार्च 2025: नगर निगम जालंधर ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अपनी मुहिम तेज कर दी है। इसी कड़ी में बीती रात नगर निगम की टीम ने बस्ती बावा खेल इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए 120 फीट रोड के पास स्थित JS चौहान तारा पैलेस को सील कर दिया।

यह तीसरी बार है जब इस इमारत को सील किया गया है, क्योंकि इससे पहले दो बार सील की गई इमारत की सील को अवैध रूप से तोड़ दिया गया था। इस बार सील तोड़ने वालों के खिलाफ FIR दर्ज करने के लिए भी नगर निगम ने पत्र लिखा है।

नगर निगम की टीम ने देर रात बस्ती बावा खेल इलाके में छापेमारी की और नियमों का उल्लंघन कर बनाए गए JS चौहान तारा पैलेस को सील कर दिया। स्थानीय लोगों के बीच इस कार्रवाई को लेकर चर्चा जोरों पर है। एक स्थानीय निवासी ने बताया, “यहां अवैध निर्माण की समस्या काफी समय से चल रही है।

नगर निगम की यह कार्रवाई सही दिशा में कदम है, लेकिन इसे लगातार जारी रखना होगा।”

तारा पैलेस: पहले भी टूटी थी सील

नगर निगम के एटीपी सुखदेव वशिष्ठ ने बताया कि तारा पैलेस को पहले भी दो बार सील किया जा चुका है, लेकिन हर बार मालिकों ने नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए सील तोड़ दी। उन्होंने कहा, “हमने इस बार सख्त रुख अपनाया है। सील तोड़ने की घटना को गंभीरता से लिया गया है और इसके खिलाफ FIR दर्ज करने के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा गया है।” वशिष्ठ ने यह भी साफ किया कि ऐसी गैरकानूनी हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।

नगर निगम ने साफ कर दिया है कि अवैध निर्माणों के खिलाफ यह अभियान सिर्फ एक रात की कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि शहर में जहां कहीं भी नियमों का उल्लंघन होगा, वहां सख्त कदम उठाए जाएंगे।

ये भी देखे: पंजाब: फगवाड़ा जाते वक्त यात्रियों से भरी बस पलटी, 10 यात्री घायल

You may also like