शिमला, 23 अक्टूबर 2025: हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पंचायत चुनावों को लेकर सत्ताधारी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ सभी मंत्री और सरकारी नेता लोगों व हितधारकों को गुमराह कर रहे हैं। ठाकुर ने सवाल उठाया कि जब सरकार दावा कर रही है कि चुनाव तय समय पर होंगे, तो आरक्षण रोस्टर अब तक क्यों जारी नहीं हुआ? क्या अधिकारीयों के आगे सरकार बेबस है या जनता की आंखों में धूल झोंकने की साजिश रच रही है?
ठाकुर ने कहा कि हाईकोर्ट का स्पष्ट आदेश है कि पंचायत व नगर निकाय चुनावों के लिए आरक्षण रोस्टर चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से कम से कम 90 दिन पहले जारी हो, ताकि लोगों की आपत्तियों पर सुनवाई हो सके। अगर 25 सितंबर तक रोस्टर आ जाता, तो चुनाव समय पर शुरू होने की गुंजाइश थी। लेकिन सरकार की सारी प्रक्रियाएं चुनाव टालने की ही लग रही हैं।
उन्होंने खुलासा किया कि 15 सितंबर को पंचायती राज के सचिव ने सभी जिलों के डीसी को रोस्टर 25 सितंबर तक जारी करने का पत्र लिखा था। लेकिन डीसी ने सरकार को पत्र देकर टालमटोल की, और मुख्य सचिव ने तुरंत चुनाव टालने का आदेश जारी कर दिया। जब विपक्ष ने सवाल उठाए, तो मुख्यमंत्री और पंचायती राज मंत्री ने फिर कहा कि चुनाव समय पर होंगे। ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा, “अगर रोस्टर ही समय पर नहीं आएगा, तो चुनाव कैसे होंगे? मुख्यमंत्री झूठ बोलने के बजाय जनता को सच्चाई बताएं। अगर चुनाव करवाना है तो करें, वरना नाकामी कबूल करें।”
ये भी देखे: पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पीएम मोदी से की मुलाकात, आपदा के बारे में दी जानकारी