यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने रविवार को इजरायल की राजधानी तेल अवीव के सबसे बड़े हवाई अड्डे पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया। इजराइल की प्रसिद्ध वायु रक्षा प्रणाली हमले को विफल नहीं कर सकी। हूती विद्रोहियों द्वारा दागी गई एक मिसाइल हवाई अड्डे के परिसर में जा गिरी, जिससे हवाई अड्डे की चार-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था भंग हो गई। इसके अतिरिक्त, भारत की एयर इंडिया सहित कई एयरलाइनों ने तेल अवीव के लिए उड़ानें रद्द कर दीं। प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने हूती विद्रोहियों को मुंहतोड़ जवाब देने का आह्वान किया।
आपको बता दे कि हमले में आठ लोग घायल हो गए। जिसके बाद उन्हे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हालांकि इसके अलावा एयरपोर्ट को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
हूती विद्रोहियों ने हमले की जिम्मेदारी ली
इज़रायल की वायु रक्षा प्रणाली ने अब तक हमास, हिज़्बुल्लाह और हूती विद्रोहियों के हमलों को विफल किया है। लेकिन रविवार को हूती विद्रोहियों द्वारा दागी गई एक मिसाइल हवाई अड्डे की चार-स्तरीय रक्षा प्रणाली को तोड़कर इजरायल के सबसे व्यस्ततम बेन गुरियन हवाई अड्डे के टर्मिनल 3 से सिर्फ 75 मीटर की दूरी पर गिरी। जहां मिसाइल गिरी वहां 25 मीटर गहरा गड्ढा बन गया था। इस हमले के बाद इज़रायली सेना ने घटना की जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर, हूती विद्रोहियों ने हमले की जिम्मेदारी ली और कहा कि उन्होंने गाजा में फिलिस्तीनी नागरिकों के प्रति मजबूत समर्थन दिखाने के लिए यह हमला किया।
हूती विद्रोहियों द्वारा हमले के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमले की योजना पर चर्चा करने के लिए रविवार को रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज और अन्य शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों की एक आपातकालीन बैठक बुलाई।
ये भी देखे: इजरायली ड्रोन हमला: हिजबुल्लाह के वरिष्ठ कमांडर हसन कमाल हलावी की मौत