हरियाणा में जन कल्याणकारी योजनाओं की किस्तें जारी, सीएम नायब सैनी ने लाभार्थियों के खातों में डाले पैसे

by Manu
नायब सैनी

चंडीगढ़, 10 फ़रवरी 2026: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों के बैंक खातों में बड़ी राशि ट्रांसफर की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने विस्तार से जानकारी दी।

सीएम ने बताया कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की चौथी किस्त जारी की गई है। इस किस्त में 9 लाख 22 हजार 452 बहनों के खातों में 193 करोड़ रुपये डाले गए हैं। अब तक इस योजना की चार किस्तों में कुल 634 करोड़ रुपये लाभार्थियों तक पहुंच चुके हैं।

उन्होंने एक साथ वृद्धावस्था पेंशन विधवा पेंशन दिव्यांग पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन की किस्तें भी जारी कीं। इन योजनाओं के तहत 34 लाख 14 हजार लाभार्थियों को 1098 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पेंशन से जुड़ी शिकायतों और आय आधारित पात्रता की समस्याओं का निष्पक्ष निपटान सुनिश्चित करने के लिए सभी जिलों के अतिरिक्त उपायुक्तों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।

हर घर हर ग्रहणी योजना के तहत नवंबर और दिसंबर महीने की सब्सिडी जारी की गई। इस योजना में 12 लाख 62 हजार बहनों के बैंक खातों में गैस सिलेंडर रिफिल करवाने पर 38 करोड़ 97 लाख रुपये की सब्सिडी डाली गई है।

मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक प्रोत्साहन योजना के तहत भी किसान परिवारों को राहत दी गई। इस योजना में 101 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है।

सीएम नायब सैनी ने बताया कि आज विभिन्न 18 जन कल्याणकारी योजनाओं के तहत कुल 56 लाख 34 हजार लाभार्थियों के खातों में 1431 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई है।

ये भी देखे: कुरुक्षेत्र पशुधन मेले में सीएम नायब सैनी ने की ऊंट सवारी, गाय को खिलाया गुड़

You may also like