मुंबई, 29 जुलाई 2025: पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले भारत-पाकिस्तान एशिया कप मैच को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने भारत-पाकिस्तान सीमा पर तनाव, खासकर पहलगाम आतंकी हमले और भारत के ऑपरेशन सिंदूर का हवाला दिया।
एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक यूएई में होगा, जिसमें भारत और पाकिस्तान को ग्रुप ए में यूएई और ओमान के साथ रखा गया है। मोहम्मद अजहरुद्दीन ने आईएएनएस से कहा, “देश की मौजूदा स्थिति को देखते हुए हमें यह मैच नहीं खेलना चाहिए। हर कोई जानता है कि हम किन हालात से गुजर रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “अगर खेलना ही है, तो हर खेल खेलना चाहिए। हमें यह नहीं चुनना चाहिए कि कौन सा खेल खेलें और कौन सा नहीं।” अजहर ने स्पष्ट किया कि ये उनके निजी विचार हैं और अंतिम फैसला उच्च अधिकारी लेंगे।
उन्होंने कहा, “आखिर में सरकार तय करेगी कि खेलना है या नहीं। फैसला बोर्ड और सरकार का होगा, और बीसीसीआई का निर्णय मान्य होगा।”
ये भी देखे: एशिया कप 2025 के शेड्यूल का हुआ एलान, 28 सितंबर को खेला जाएगा फाइनल