चंडीगढ़, 07 फ़रवरी 2026: भारतीय अंडर-19 टीम ने एक बार फिर दुनिया को अपनी ताकत दिखा दी है। 2026 अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 100 रनों से मात देकर खिताब पर कब्जा जमाया। भारत का रिकॉर्ड छठा U-19 विश्व कप खिताब है। इससे पहले भारत ने 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में यह ट्रॉफी जीती थी।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन बनाए जो U-19 विश्व कप फाइनल का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इंग्लैंड को जीत के लिए 412 रनों का लक्ष्य मिला लेकिन टीम 40.2 ओवर में 311 रन पर सिमट गई।
वैभव सूर्यवंशी बने मैच के हीरो
14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने फाइनल में धमाकेदार 175 रन की पारी खेली। उन्होंने महज 80 गेंदों में यह स्कोर बनाया जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल रहे। वैभव ने 55 गेंदों में ही शतक पूरा कर लिया जो U-19 विश्व कप फाइनल में सबसे तेज शतक है।
इंग्लैंड की ओर से कैलब फाल्कनर ने शानदार 115 रन की पारी खेली (67 गेंद) लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए। फाल्कनर के अलावा कोई और बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना सका।
रिकॉर्ड्स की बरसात
– 100 रनों से जीत: U-19 विश्व कप फाइनल में रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत। इससे पहले 2024 में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 79 रन से हराया था।
– 411 रन: U-19 विश्व कप और फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर। इस विश्व कप में इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड के खिलाफ 404/6 बनाए थे जो अब दूसरे स्थान पर है।
– प्लेऑफ में 350+ स्कोर: भारत पहली टीम बनी जिसने U-19 विश्व कप के प्लेऑफ में 350 से ज्यादा रन बनाए। इससे पहले 2016 क्वार्टरफाइनल में नामीबिया के खिलाफ 349/6 बना था (ऋषभ पंत 111)।
– फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर: पहले का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया का 253/7 था (2024 में भारत के खिलाफ)। भारत ने इसे काफी पीछे छोड़ दिया।
– 400+ स्कोर: भारत का U-19 विश्व कप में तीसरा 400+ स्कोर। दुनिया की किसी अन्य टीम ने एक से ज्यादा बार यह आंकड़ा नहीं छुआ।
ये भी देखे: U-19 World Cup Final: वैभव सूर्यवंशी के 175 रन के बदौलत भारत ने खड़ा किया 411 का विशाल स्कोर