फिरोजपुर फीडर नहर के पहले चरण का उद्घाटन, सीएम भगवंत मान ने कहा- पंजाब का पानी किसी को नहीं देंगे

by Manu
फिरोजपुर फीडर नहर

फिरोजपुर, 26 फरवरी 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज फिरोजपुर फीडर नहर के रेनोवेशन के पहले चरण का उद्घाटन किया। उन्होंने इसे मालवा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक तोहफा और पंजाब के पानी को बचाने की दिशा में बड़ा कदम बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नहर फिरोजपुर फरीदकोट श्री मुक्तसर साहिब और फाजिल्का जिलों की लाइफलाइन है। इस प्रोजेक्ट से इन चार जिलों के 14 ब्लॉक गिद्दड़बाहा मक्खू ममदोट बल्लूआना जलालाबाद गुरु हर सहाय अरनीवाला खुइयां सरवर लंबी मलोट फाजिल्का मुक्तसर और फिरोजपुर को सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि 180 करोड़ रुपये की लागत से पहले चरण में 15 किलोमीटर लाइनिंग का काम 35 दिनों में युद्ध स्तर पर पूरा किया गया। इस दौरान 126 सरकारी कर्मचारी और 4 हजार अन्य कर्मचारी लगे रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नहर की क्षमता पहले 11 हजार 192 क्यूसिक थी जो अब बढ़कर 13 हजार 873 क्यूसिक हो गई है। यानी 2 हजार 681 क्यूसिक पानी की अतिरिक्त क्षमता जुड़ गई है। नहर की गहराई 18 फीट से बढ़ाकर 21 फीट और चौड़ाई 163 फीट से बढ़ाकर 180 फीट कर दी गई है।

भगवंत मान ने कहा कि इस रेनोवेशन से 6 लाख 45 हजार 200 हेक्टेयर जमीन को सिंचाई का पानी मिलेगा। सीमावर्ती इलाकों खासकर फाजिल्का और जलालाबाद को अब फिरोजपुर फीडर से सीधा पानी मिलेगा।

उन्होंने पुरानी व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले हुसैनीवाला हेडवर्क्स से फीडर के जरिए पानी पाकिस्तान जाता था। गंदा पानी पाकिस्तान के कसूर शहर के पास सतलुज में छोड़ा जाता था जो फिर भारत में आ जाता था। अब वॉटर रिचार्ज सिस्टम शुरू किया गया है ताकि ग्राउंडवाटर बढ़े और सीमावर्ती गांवों को साफ पानी मिले।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उनकी सरकार बनी थी तब खेतों तक सिर्फ 21 प्रतिशत नहरी पानी पहुंचता था। आज यह 68 प्रतिशत हो गया है। पिछली सरकारें 74 साल तक नहर की क्षमता बढ़ाने या कंक्रीट लाइनिंग करने में नाकाम रहीं लेकिन मौजूदा सरकार ने जमीनी स्तर पर बड़े सुधार किए हैं।

उन्होंने फिर दोहराया कि पंजाब के पास सरप्लस पानी नहीं है। पंजाब का हित सबसे ऊपर है और किसी दूसरे राज्य को पानी की एक बूंद भी नहीं दी जाएगी। कांग्रेस और अकाली दल की सरकारों ने दूसरे राज्यों को पानी देने के एग्रीमेंट करके पंजाब के साथ धोखा किया है।

अकाली दल पर निशाना साधते हुए भगवंत मान ने कहा कि जिस पार्टी को कमेटी बनाने के लिए 11 सदस्य नहीं मिल रहे वह पंजाब में 117 सीटें जीतने का सपना देख रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब अपनी नदियों का पानी होने के बावजूद लगभग 60 प्रतिशत पानी उन राज्यों को देता है जिनसे रावी ब्यास और सतलुज नहीं गुजरतीं। पंजाब को बाढ़ का नुकसान और हर साल भारी वित्तीय बोझ उठाना पड़ता है।

ये भी देखे: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ‘मेरी रसोई’ स्कीम लॉन्च का ऐलान किया, जाने क्या है ये स्कीम ?

You may also like