संभल में बरातियों की गाड़ी कॉलेज के दीवार से टकराई, दूल्हे समेत 8 की मौत

by Manu
संभल accident

Sambhal Accident News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में 4 जुलाई की रात एक दुखद सड़क हादसे ने बारात की खुशियों को मातम में बदल दिया। मेरठ-बदायूं रोड पर जुनावई थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बोलेरो कार अनियंत्रित होकर जनता इंटर कॉलेज की दीवार से टकरा गई और पलट गई। इस भीषण हादसे में दूल्हे सूरज पाल (20) समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं।

हादसा शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे हुआ, जब हरगोविंदपुर गांव के सुखराम अपने बेटे सूरज की बारात को बदायूं जिले के सिरसौल गांव ले जा रहे थे। बारात की 11 गाड़ियां पहले ही रवाना हो चुकी थीं, लेकिन दूल्हे वाली बोलेरो, जिसमें 10 लोग सवार थे, पीछे रह गई थी। रास्ते में यह गाड़ी तेज गति से अनियंत्रित होकर कॉलेज की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी पूरी तरह चकनाचूर हो गई और दीवार का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।

मृतकों में सूरज पाल के अलावा उनकी भाभी आशा (26), आशा की बेटी ऐश्वर्या (3), सचिन (22), मधु (20), कोमल (15), गणेश (2), और रवि (28) शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी बहुत तेज रफ्तार में थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने जेसीबी की मदद से गाड़ी को काटकर घायलों को बाहर निकाला और जुनावई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य ने अलीगढ़ ले जाते समय दम तोड़ दिया। दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

ये भी देखे: मथुरा में श्रद्धालुओं से भरी मिनी बस इको कार से टकराकर पलटी, 17 घायल

You may also like