पानीपत, 30 जून 2025: पानीपत के इसराना थाना क्षेत्र के नौल्था गांव में एक बड़ा ठगी का मामला सामने आया है। गांव के सरपंच और उसके भाई पर एक परिवार को विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार ने इसकी शिकायत पानीपत के SP से की, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, राजेंद्र सिंह और उनके बेटे संदीप कुमार ने बताया कि संदीप को अमेरिका जाना था। इस दौरान गांव के सरपंच ने उनके पूरे परिवार को विदेश भेजने का लालच दिया। परिवार इस प्रस्ताव पर राजी हो गया। सरपंच और उसके भाई ने इसके लिए 90 लाख रुपये में सौदा तय किया।
इसके बाद, सरपंच ने अलग-अलग बार में परिवार से पैसे ले लिए। 21 जनवरी 2023 को 8.50 लाख, 11 दिसंबर 2023 को 5 लाख, और 6 जनवरी को दो बार में 6.40-6.40 लाख रुपये उनके खाते में जमा करवाए गए। इसके अलावा, पूर्व सरपंच 24 लाख रुपये नकद भी ले गया। कुल मिलाकर, उसके पास 50 लाख 30 हजार रुपये पहुंच गए।
लेकिन जब संदीप विदेश नहीं जा सका, तो परिवार ने पैसे वापस मांगे। सरपंच ने सिर्फ 11 लाख रुपये लौटाए और बाकी रकम देने से साफ मुकर गया। हताश होकर राजेंद्र ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, और अब इस मामले की जांच चल रही है।
ये भी देखे: रानियां: इंग्लैंड का वर्क परमिट दिलवाने के नाम पर 15 लाख की ठगी