Kanpur News : कानपुर में बिजली के बिल के मामूली बात पर भाई ने की दूसरे भाई की हत्या

by Manu
महेंद्रगढ़ पुलिस

कानपुर, 07 जून 2025: कानपुर के बादशाही नाका क्षेत्र में शनिवार (7 जून 2025) को एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई, जहां बिजली बिल जमा न होने और चार दिन से कनेक्शन कटे होने की वजह से हुए विवाद में बड़े भाई जितेंद्र यादव ने अपने छोटे भाई विजेंद्र यादव की हत्या कर दी। हत्या के बाद जितेंद्र मौके से फरार हो गया।

34 वर्षीय विजेंद्र और 30 वर्षीय जितेंद्र, दोनों भाई गुलियाना के अफसर तिराहा क्षेत्र में रहते थे। इस महीने उनका बिजली बिल पिछले महीने से ज्यादा आया था, जिसे गर्मी के कारण बढ़ा हुआ माना जा रहा है। बिल जमा न होने पर केस्को ने चार दिन पहले उनका बिजली कनेक्शन काट दिया था, जिससे परिवार परेशान था।

कानपुर हत्या: सूजे से पेट में कई बार किया वार

शनिवार सुबह इसी बात को लेकर दोनों भाइयों में तीखी बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि जितेंद्र ने विजेंद्र को थप्पड़ मार दिया। जवाब में विजेंद्र ने भी मारपीट की। गुस्से में आकर जितेंद्र ने घर में रखे बर्फ काटने वाले सूजे से विजेंद्र के पेट में कई बार वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और विजेंद्र को उर्सला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एडीसीपी अंजली विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और हत्या में इस्तेमाल खून से सना सूजा बरामद किया।

एडीसीपी ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जितेंद्र की तलाश में तीन पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

ये भी देखे: पाकिस्तानी एजेंट कानपुर से गिरफ्तार, जासूसी के आरोप में गिरफ़्तारी

You may also like