कैथल में महिला ने साथियों संग मिलकर लिव-इन पार्टनर को ट्रक से कुचला, मुख्य आरोपी महिला गिरफ्तार

by Manu
महिला ने की आहात्मत्या

कैथल, 23 फरवरी 2026: हरियाणा के कैथल जिले के सीवन क्षेत्र में एक व्यक्ति को ट्रक से कुचलकर मारने की कोशिश के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान जींद जिले के गांव रायचंदवाला निवासी नीलम के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता प्रवीन ने बताया कि पीड़ित गांव पेगा निवासी किरपाल राजौंद में शराब के ठेके पर करिंदे का काम करता है। उसकी नीलम के साथ दोस्ती थी और दोनों राजौंद में किराए के कमरे में रह रहे थे। कुछ समय से नीलम की बातचीत जींद जिले के गांव कलोदा निवासी परविंद्र से होने लगी थी। दो-तीन दिन पहले नीलम किरपाल को छोड़कर परविंद्र के पास चली गई।

17 फरवरी की रात किरपाल परविंद्र और नीलम की तलाश में ट्रांसपोर्ट नगर कैथल पहुंचा। वहां उसने ट्रक में दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। उसे देखते ही परविंद्र और नीलम ट्रक लेकर फरार हो गए।

अगले दिन 18 फरवरी की सुबह करीब सवा तीन बजे खानपुर बस अड्डे के पास किरपाल ने दोबारा ट्रक के पास जाकर आवाज लगाई। इस पर नीलम और एक अन्य व्यक्ति अजय ने परविंद्र को उकसाया। परविंद्र ने ट्रक का अगला टायर किरपाल की टांगों पसलियों और बाजुओं पर चढ़ा दिया। तीनों मौके से फरार हो गए।

घायल किरपाल को राहगीरों की सूचना पर डायल 112 पुलिस ने मौके से बचाया और सरकारी अस्पताल कैथल पहुंचाया। वहां से उसकी हालत गंभीर होने पर पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।

थाना सीवन पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। एएसआई जगबीर सिंह की टीम ने छानबीन के बाद नीलम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि परविंद्र और अजय की तलाश जारी है। मामले में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

ये भी देखे: कैथल में नेशनल हाईवे 152D पर दर्दनाक हादसा, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

You may also like