अमेरिका में बवंडर ने कई हिस्सों में मचाई तबाही

by TheUnmuteHindi
अमेरिका में बवंडर ने कई हिस्सों में मचाई तबाही

अमेरिका, 17 मार्च : अमेरिका के कई हिस्सों में बवंडर (टॉरनेडो) और तेज हवाओं के कारण जहां लोगों के घरों को बड़े स्तर पर नुकसान पहुंचा है, वहीं इस बवंडर के कारण कई लोगों ने अपनी जान तक गंवा दी है। जानकारी के अनुसार इस बवंडर के कारण मकानों समेत कई इमारतों को व्यापक नुकसान पहुंचा और कम से कम 37 लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रीय मौसम सेवा के मौसम वैज्ञानिक कोडी स्नेल ने बताया कि कैरोलिनास, पूर्वी जॉर्जिया और उत्तरी फ्लोरिडा के कुछ हिस्सों के लिए बवंडर की चेतावनी बरकरार है। वहीं दूसरी ओर ओक्लाहोमा में आग की वजह से 130 से ज्यादा जगहों पर आग लगी, करीब 300 घर जलकर राख हो गए। राज्य के गवर्नर केविन स्टिट ने बताया कि करीब 689 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र जल गया, उनका खुद का घर भी आग की चपेट में आ गया।

मौसम विभाग ने दी बवंडर की चेतावनी

मौसम विभाग ने कैरोलिना, पूर्वी जॉर्जिया और उत्तरी फ्लोरिडा में बवंडर और तेज हवाओं की चेतावनी बरकरार रखी है। मौसम वैज्ञानिकों ने इस तूफान को असामान्य रूप से हाई रिस्क वाला बताया है। जानकारों का कहना है कि मार्च महीने में इस तरह के मौसम का आना असामान्य नहीं है, लेकिन इस बार हवाओं की गति और आग की घटनाएं काफी ज्यादा खतरनाक साबित हो रही हैं।

You may also like