मुजफ्फरनगर, 09 सितंबर 2025: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के शाहपुर इलाके में पुलिस ने एक बड़े अवैध हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में एक हेड कांस्टेबल के नाबालिग बेटे सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को शाहपुर में पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को पकड़ा गया। इनके पास से 10 पिस्टल, 19 कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
एसएसपी ने खुलासा किया कि नाबालिग आरोपी पर पहले से ही 10,000 रुपये का इनाम घोषित था। वह हरिद्वार, सहारनपुर, रुड़की और अन्य जगहों पर नौ आपराधिक मामलों में वांछित था। पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह जेल में बंद कुख्यात अपराधी फिरोज अंसारी से अवैध हथियार खरीदकर आसपास के इलाकों में उनकी तस्करी करता था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (हत्या का प्रयास) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
ये भी देखें: शहर में अवैध शराब तस्करी पर पुलिस की सख्ती, काबड़ी रोड पर युवक गिरफ्तार, 36 बोतल बरामद