चंडीगढ़, 18 फ़रवरी 2026: आईसीसी ने आज बुधवार (18 फरवरी 2026) को टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजी रैंकिंग अपडेट कर दी है। भारत के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने पिछले कुछ हफ्तों में लगातार शानदार पारियां खेलकर रैंकिंग में धमाल मचा दिया है। ईशान ने 17 पायदान की छलांग लगाई और अब टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में नंबर-8 पर पहुंच गए हैं। उनकी रेटिंग 732 है।
ईशान ने टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ 40 गेंदों पर 77 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे। इससे पहले नामीबिया के खिलाफ भी उन्होंने 61 रन बनाए थे। इन दोनों पारियों का ही नतीजा है कि ईशान टॉप-10 में शामिल हो गए हैं। पाकिस्तान मैच में उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था।
कुछ हफ्ते पहले ईशान आईसीसी रैंकिंग के टॉप-50 में भी नहीं थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार पारियों से उनकी रैंकिंग में उछाल आया और अब विश्व कप में जारी फॉर्म ने उन्हें टॉप-10 में पहुंचा दिया है।
अभिषेक शर्मा पिछले दोनों मैचों में शून्य पर आउट हुए लेकिन उनकी रैंकिंग में कोई नुकसान नहीं हुआ। वे अभी भी नंबर-1 टी20 बल्लेबाज बने हुए हैं। तिलक वर्मा को भी एक पायदान का फायदा हुआ है और वे अब चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं।
ये भी देखे: IND बनाम PAK: भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराया, ईशान किशन सहित भारत के जीत के ये रहे 5 बड़े धुरंधर