हैदराबाद, 25 दिसंबर 2025: नल्लकुंटा इलाके में एक बेहद क्रूर और इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना ने पूरे शहर को हिला दिया है। एक पति ने अपनी पत्नी पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया। इस दौरान उनकी मासूम बेटी ने मां को बचाने की कोशिश की, लेकिन पिता ने उसे भी आग की चपेट में धकेल दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का नाम वेंकटेश है। वह अपनी पत्नी त्रिवेणी को लेकर लंबे समय से शक करता था। इसी संदेह के चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होते थे। बीते दिनों विवाद इतना बढ़ गया कि वेंकटेश ने अपना आपा खो दिया। उसने घर में पेट्रोल डालकर त्रिवेणी पर आग लगा दी।
त्रिवेणी आग की लपटों में तड़प रही थीं। इस दौरान उनकी बेटी ने हिम्मत दिखाते हुए मां को बचाने की कोशिश की। लेकिन वेंकटेश ने अपनी बेटी पर भी दया नहीं दिखाई और उसे धक्का देकर आग की चपेट में धकेल दिया।
इस बर्बरता के बाद वेंकटेश मौके से फरार हो गया। त्रिवेणी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बेटी किसी तरह जान बचाकर बाहर निकलने में कामयाब रही, लेकिन उसे गंभीर चोटें आई हैं। बच्ची सदमे में है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हत्या, हत्या के प्रयास और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है।
ये भी देखे: हैदराबाद: इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में लगी भीषण आग, एक की मौत, सात लोग झुलसकर घायल