कुरुक्षेत्र, 27 अगस्त 2025: कुरुक्षेत्र के झांसा रोड पर स्थित श्री कृष्णा फर्नीचर वर्कशॉप और लकड़ी के गोदाम में बुधवार तड़के करीब 4 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में गोदाम में रखी लकड़ी, तैयार फर्नीचर, एक बाइक और एक गाय जलकर राख हो गए। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे। शुरुआत में दो दमकल गाड़ियां भेजी गईं, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए तीन और गाड़ियां मंगवाई गईं। दमकल कर्मियों ने पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 9 बजे आग पर काबू पाया। गोदाम में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया था।
स्थानीय लोगों ने पहले स्वयं आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के आगे उनके प्रयास नाकाम रहे। आसपास के निवासियों में दहशत फैल गई, और लोग अपने घरों व दुकानों को खाली करने लगे। समय पर आग पर काबू न पाने की स्थिति में आसपास की इमारतों को भी भारी नुकसान हो सकता था।
ये भी देखे: कुरुक्षेत्र में दर्दनाक हादसा, घर में आग लगने से चलने-फिरने में असमर्थ वृद्ध महिला की जलकर मौत