चंडीगढ़, 09 अगस्त 2025: हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) में हुए 225.51 करोड़ रुपये के घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने शुक्रवार, 8 अगस्त 2025 को पंचकूला की विशेष अदालत में मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत पूर्व जेजेपी विधायक राम निवास सुरजाखेड़ा, पूर्व एचएसवीपी अधिकारी सुनील कुमार बंसल और तीन अन्य आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की।
यह मामला एचएसवीपी (पूर्व में हुडा) के बैंक खातों से सार्वजनिक धन के गबन से जुड़ा है। ईडी की जांच में सामने आया कि 2015 से 2019 के बीच चंडीगढ़ के पंजाब नेशनल बैंक में एचएसवीपी के एक खाते से करीब 70 करोड़ रुपये का संदिग्ध लेन-देन कुछ व्यक्तियों और संस्थाओं के खातों में किया गया, जिसका कोई वैध औचित्य नहीं था। आंतरिक जांच में पता चला कि यह खाता एचएसवीपी के कैश ब्रांच या आईटी विंग में दर्ज ही नहीं था। आगे की पड़ताल में 10 अन्य गुप्त खातों के जरिए कुल 225.51 करोड़ रुपये की हेराफेरी का खुलासा हुआ, जिसे ईडी ने “प्रोसीड्स ऑफ क्राइम” माना है।
राम निवास सुरजाखेड़ा, जो 2019 से 2024 तक हरियाणा विधानसभा के सदस्य रहे, और सुनील कुमार बंसल, दोनों पूर्व एचएसवीपी अधिकारी, इस घोटाले के मुख्य आरोपी हैं। ईडी ने दोनों को 9 जून 2025 को गिरफ्तार किया था और वर्तमान में वे न्यायिक हिरासत में हैं। अब तक चार प्रोविजनल अटैचमेंट ऑर्डर (पीएओ) के तहत 27.30 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं।
ये भी देखे: पंचकूला के दो अस्पतालों में ED की रेड, करोड़ों के शेयर किए जब्त, जाने पूरा मामला