पुरुलिया में राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर और बोलेरो की टक्कर में 9 लोगों की मौत

by Manu
पुरुलिया सड़क हादसा

पुरुलिया, 20 जून 2025: पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बलरामपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर नामसोल गांव के पास शुक्रवार को सुबह करीब 7 बजे एक भीषण सड़क हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई। यह हादसा एक तेज रफ्तार ट्रेलर और बोलेरो की टक्कर के कारण हुआ। बोलेरो में सवार सभी लोग झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र के चिरुगोड़ा गांव से पुरुलिया के बराबजार थाना क्षेत्र के अदाबना गांव एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे और वहां से लौट रहे थे।

पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो पुरुलिया-जमशेदपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर तेज गति से चल रही थी, जब सामने से आ रहे एक ट्रेलर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कुछ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ घायलों ने बलरामपुर अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, और पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है।

हादसे की खबर फैलते ही तिलाईटांड और आसपास के गांवों में मातम छा गया। मृतकों के परिजन और ग्रामीण बलरामपुर अस्पताल पहुंचे, जहां शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुरुलिया के पुलिस अधीक्षक (SP) विकास कुमार ने बताया कि बलरामपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ट्रेलर चालक की तलाश के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। हादसे की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो टक्कर के कारणों और गति जैसे पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

ये भी देखे: मध्य प्रदेश के झाबुआ में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और कार की टक्कर में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत

You may also like