चंडीगढ़, 03 मार्च 2026: श्री आनंदपुर साहिब में चल रहे ऐतिहासिक होला मोहल्ला समारोह के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार ने 300 कमरों वाली स्थायी ‘ऑल वेदर’ टेंट सिटी स्थापित की है। यह टेंट सिटी वर्ष भर खुली रहेगी और भविष्य में इसका विस्तार भी किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि एयर कंडीशनर सुविधा से लैस यह टेंट सिटी देश की पहली स्थायी संरचना है। पिछले साल अस्थायी ढांचे की सफलता और मुख्यमंत्री भगवंत मान के निरीक्षण के बाद इसे स्थायी रूप देने का फैसला लिया गया। बुकिंग के लिए जल्द ही एक समर्पित पोर्टल और मोबाइल एप्लिकेशन लॉन्च किया जाएगा। इसे मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना से भी जोड़ा जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा श्रद्धालु लाभान्वित हो सकें।
मंत्री ने दावा किया कि इस सुविधा से धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी। समारोह के दौरान पर्यावरण संरक्षण पर भी खास जोर दिया गया है। सिंगल-यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सभी लंगर स्थलों पर बायोडिग्रेडेबल प्लेट कप और अन्य सामग्री उपलब्ध कराने का खर्च वहन करेगा।
पवित्र नगरी को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। पांच प्यारों के पार्क का नवीनीकरण किया गया जबकि भाई जैता जी संग्रहालय सहित अन्य ऐतिहासिक स्थल श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहे हैं।
ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से आने वाली बड़ी संख्या में संगत को ध्यान में रखते हुए 28 समर्पित पार्किंग जोन बनाए गए हैं। दो विशेष ट्रॉली सिटी और ट्रॉली स्ट्रीट भी तैयार की गई हैं। माझा और दोआबा क्षेत्र से आने वालों को चरण गंगा के निकट और मालवा-चंडीगढ़ की ओर से आने वालों को झिंझड़ी स्थित केंद्र में ठहराया जाएगा।
ये भी देखे: होला मोहल्ला के दौरान ट्रैक्टरों और ट्रकों पर स्पीकरों के इस्तेमाल पर लगा पूरी तरह प्रतिबंध