अयोध्या, 04 दिसंबर 2025: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर के शिखर पर पिछले महीने धर्म ध्वजा फहराया जाना हर भारतीय के लिए गौरव का पल है। यह हमारी अटूट सभ्यता की विरासत में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ना है।
महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के संस्थापक सप्ताह समारोह में योगी ने कहा कि राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण और उस पर धर्म ध्वजा का फहराया जाना भारत की सांस्कृतिक निरंतरता का सबसे बड़ा प्रमाण है। यह हमारी सभ्यता की यात्रा में मील का एक महत्वपूर्ण पत्थर है। हर भारतीय को इस विरासत का वारिस होने पर गर्व होना चाहिए।
उन्होंने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 नवंबर को स्वयं अयोध्या जाकर मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराया था। सीएम ने कहा कि भारत की पहचान उसकी संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्रीय प्रतीकों में बसती है। अगर सांस्कृतिक मूल्यों का क्षरण हुआ तो राष्ट्रीय एकता भी कमजोर पड़ जाएगी।
ये भी देखे: यूपी में घुसपैठियों पर सीएम योगी का शिकंजा, हर मंडल में डिटेंशन सेंटर बनेंगे