Hisar News: हिसार में होटल मालिक की पीट–पीट कर हत्या, आरोपी फरार

by Manu
हत्या

हिसार, 16 जुलाई 2025: हरियाणा के हिसार में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां 27 वर्षीय पारस उर्फ दीक्षित की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह वारदात मंगलवार (15 जुलाई 2025) रात को शहर के कैंप चौक के पास PWD रेस्ट हाउस में स्थित होटल वोल्कस में हुई।

जानकारी के मुताबिक, पारस होटल के काउंटर पर बैठा था, तभी दो युवक डंडे लेकर अचानक वहां पहुंचे। पहले तो उन्होंने पारस से बातचीत की, लेकिन अचानक दोनों ने उस पर हमला बोल दिया। पारस ने जैसे-तैसे खुद को बचाने की कोशिश की और हमलावरों को धक्का देकर पड़ोस के होटल की इमारत में भाग गया। लेकिन वहां पहुंचते ही उसे खून की उल्टियां शुरू हो गईं और वह जमीन पर गिरकर बेहोश हो गया।

होटल कर्मचारियों ने पहुंचाया अस्पताल

होटल कर्मचारियों ने तुरंत उसे नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। हमलावर मौके से फरार हो गए। होटल स्टाफ ने पारस के परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी संजना ने बताया कि पारस मंगलवार शाम 6 बजे घर आया था और आधे घंटे बाद ही होटल वापस चला गया था।

पारस हिसार के देव वाटिका का रहने वाला था और छह साल पहले उसने दिल्ली की संजना से प्रेम विवाह किया था। दंपती का ढाई साल का एक बच्चा भी है। इस घटना से परिजनों का बुरा हाल है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से उनकी तलाश शुरू कर दी है।

ये भी देखे: HARYANA: हिसार में नौंवी कक्षा के छात्र को उसके सहपाठी ने मारी गोली

You may also like