हिसार, 14 फ़रवरी 2026: हिसार पुलिस की सीआईए-1 टीम ने नकली साइबर टीम बनाकर लोगों से हथियार के बल पर यूएसटीडीटी (USDT) और ऑनलाइन राशि ट्रांसफर कराने वाले गिरोह के चौथे आरोपी को दबोचने के दौरान बड़ी कार्रवाई की। आरोपी पवन उर्फ मूसा ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार शहर थाना के मुकदमा नंबर 579 और बरवाला थाना के मुकदमा नंबर 810 में साइबर ठगी के दो मामले दर्ज हैं। इन मामलों में पहले ही तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। लगातार जांच के दौरान सीआईए-1 को मुखबिरी से महत्वपूर्ण सूचना मिली कि चौथा आरोपी पवन उर्फ मूसा हिसार में मौजूद है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस टीम को देखते ही पवन उर्फ मूसा ने गोलीबारी शुरू कर दी। गोली PSI नवीन और HC अजय नेहरा के बॉडी प्रोटेक्टर पर लगी। दोनों पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। आत्मरक्षा में सीआईए-1 टीम ने जवाबी फायरिंग की जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। वह घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस ने आरोपी को तुरंत नागरिक अस्पताल हिसार में भर्ती कराया जहां उसका इलाज चल रहा है।
ये भी देखे: हिसार के होटल में युवक की संदिग्ध मौत, जोमैटो डिलीवरी बॉय का शव कमरे से बरामद