CM Sukhu on Operation Sindoor: भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के तहत पीओके और पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर हमले के बाद हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने बंजार दौरे को रद्द कर दिया। उन्होंने बुधवार को शिमला में एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाकर मौजूदा स्थिति की समीक्षा की। इस बैठक में मुख्यमंत्री ने भारतीय सशस्त्र बलों को ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए बधाई दी और कहा कि हमें अपनी सेना पर गर्व है।
सेना की बहादुरी पर गर्व- सीएम सुक्खू
शिमला के राज्य सचिवालय में मीडिया से बात करते हुए सीएम सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश भारतीय सेना की बहादुरी पर गर्व करता है। सेना के तीनों अंगों ने जिस सटीकता से कार्रवाई की, उससे पूरा प्रदेश गौरवान्वित है। उन्होंने कहा कि पहलगाम में पर्यटकों पर हुए क्रूर आतंकी हमले का जवाब देने के लिए सेना की इस कार्रवाई को हर हिमाचली सराहता है।
शिमला हवाई अड्डों बंद
इसके साथ ही, लोक निर्माण मंत्री का बंजार दौरा भी रद्द हो गया है। केंद्र सरकार ने विशेष एडवाइजरी जारी कर सभी हवाई अड्डों को बंद करने के निर्देश दिए हैं। हिमाचल में हवाई यात्राएं स्थगित कर दी गई हैं, और गगल व शिमला हवाई अड्डों को बंद कर दिया गया है। गगल एयरपोर्ट 9 मई तक नागरिक उड़ानों के लिए बंद रहेगा और केवल सैन्य उपयोग के लिए खुला होगा।
प्रदेश की सभी सीमाएं हाई अलर्ट पर हैं, और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जिला प्रशासन ने सभी विभागों को सतर्क रहने और खाद्य सामग्री सहित जरूरी वस्तुओं का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए हैं।
ये भी देखे: ऑपरेशन सिंदूर: पंजाब में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जारी किया हाई अलर्ट