हरियाणा: महेंद्रगढ़-कनीना हाईवे भीषण सड़क हादसा, चार लोगों की मौत

by Manu
हादसा

महेंद्रगढ़, 02 जून 2025: हरियाणा के महेंद्रगढ़-कनीना सड़क मार्ग पर गांव उन्हाणी के पास रविवार देर रात करीब 2 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। तेज रफ्तार वरना कार अनियंत्रित होकर आगे जा रहे डंपर से टकरा गई, जिससे कार में सवार चार दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और इसके परखच्चे उड़ गए।

मृतकों की पहचान गुरुग्राम के सिकोपुर गांव के गौरव और सचिन, फरुखनगर के कंवरपाल और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के अंकित के रूप में हुई है। ये चारों दोस्त महेंद्रगढ़ के निम्बेहड़ा गांव में गौरव की बुआ की बेटी के कुआं पूजन कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम के बाद रात को गुरुग्राम लौटते समय यह हादसा हुआ।

थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि हादसा नहर के पास टूटी सड़क और वहां लगी बड़ी टाइलों के कारण हुआ। कार चालक ने टाइलों पर नियंत्रण खो दिया, जिससे कार डंपर में जा घुसी। हादसे के बाद क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया और फिर कटर से खिड़कियां काटकर शवों को बाहर निकाला गया।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए महेंद्रगढ़ के नागरिक अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे से मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है।

ये भी देखे: HARYANA NEWS: रोहतक में बाइक और ऑटो की जोरदार टक्कर, 1 महिला की मौत

You may also like