चंडीगढ़, 26 सितंबर 2025: हरियाणा सरकार ने निलंबित पूर्व CBI जज सुधीर परमार के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। अब एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करने का रास्ता साफ हो गया। कानूनन किसी भी लोक सेवक पर ऐसी कार्रवाई से पहले राज्य सरकार की हरी झंडी जरूरी होती है, और इस मामले में वो आखिरकार मिल गई।
सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने करीब 18 महीनों की लंबी जांच के बाद परमार पर कार्रवाई की सिफारिश की थी। उन पर रियल एस्टेट सेक्टर से जुड़े मामलों में पक्षपातपूर्ण फैसले लेने और बड़े प्रमोटर्स से जमकर रिश्वत ऐंठने के गंभीर आरोप हैं। जांच में वसंत बंसल, पंकज बंसल, IREO ग्रुप के डायरेक्टर ललित गोयल और परमार के भतीजे अजय परमार जैसे नाम सामने आए हैं. कथित तौर पर इस घोटाले के केंद्रीय चरित्र हैं।
जांच एजेंसियों को मिले सबूतों में व्हाट्सएप चैट्स भी शामिल हैं, जिनमें परमार कथित रूप से M3M ग्रुप के मालिकों से 5 से 7 करोड़ रुपये की मांग कर रहे थे। ये रकम ED की जांच में उन्हें राहत दिलाने के बदले मांगी गई थी। याद रहे, इससे पहले ED ने इन रियल एस्टेट कंपनियों के मालिकों को निवेशकों और घर खरीदारों के साथ धोखाधड़ी के आरोप में जेल की हवा खिलाई थी।
ये भी देखे: हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, सभी बिल और अनुमोदन अब केवल ऑनलाइन पोर्टल से होगा