लुधियाना, 23 फरवरी 2026: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का लुधियाना में काले झंडों से स्वागत किया गया। “पूर्वांचल सम्मान रैली” में शामिल होने आए सैनी का काफिला जैसे ही धुरी लाइन रेलवे ओवर ब्रिज से उतरा, ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ नारेबाजी की और काले झंडे दिखाकर पंजाब के प्रति भाजपा की भेदभावपूर्ण नीतियों का विरोध जताया।
आतम नगर से ‘आप’ विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू ने प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, “हम आज इसलिए विरोध कर रहे हैं क्योंकि भाजपा ने हमेशा पंजाब विरोधी रुख अपनाया है। वे केंद्र में बैठकर पंजाब के स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास के फंड रोकते हैं, और यहां आकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश करते हैं। पंजाब की जनता भोली नहीं है, वह इनके चेहरे को अच्छी तरह पहचानती है।”
आप के लोकसभा इंचार्ज शरणपाल सिंह मकड़ ने कहा, “पंजाब के लोग भाजपा के झूठे प्रचार से अच्छी तरह वाकिफ हैं। आज का यह प्रदर्शन भाजपा और इसके नेताओं को एक स्पष्ट संदेश है कि वे पंजाब में आकर अपनी किसान विरोधी, व्यापार विरोधी और पंजाब विरोधी नीतियों पर परदा नहीं डाल सकते। आपको प्रचार करने का हक है, लेकिन पंजाब की कानून व्यवस्था के बारे में झूठे सवाल खड़े करके लोगों को गुमराह मत करो।”
‘आप’ नेताओं का कहना था कि हरियाणा सरकार को पंजाब में राजनीतिक लाभ लेने की बजाय अपने प्रदेश की गंभीर समस्याओं को हल करना चाहिए। इससे पहले भाजपा द्वारा आयोजित पूर्वांचल सम्मान रैली में सीएम सैनी के अलावा पंजाब भाजपा के बड़े नेता भी मौजूद थे।
ये भी देखे: सुखबीर बादल दोहरी राजनीति कर रहे, पुराने झूठ से पंजाब को कर रहे गुमराह – कुलदीप धालीवाल