चंडीगढ़, 15 सितंबर 2025: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी से महत्वपूर्ण मुलाकात की। इस दौरान राज्य मंत्री राजेश नागर भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश और केंद्र से जुड़े 7-8 प्रमुख मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें धान की खरीद पर विशेष फोकस रहा। इसके तहत राज्य के लिए आवंटित 15 लाख मैट्रिक टन की धान खरीद सीमा को बढ़ाकर 30 लाख मैट्रिक टन कर दिया गया है।
इस मुलाकात से किसानों के हितों की रक्षा सुनिश्चित होगी, क्योंकि धान खरीद की बढ़ी हुई सीमा से अधिक फसल का समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदा जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की हर समस्या का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगामी हरियाणा दौरे पर मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में तीन नए आपराधिक कानूनों को लागू करने की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 3 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र में इन कानूनों की विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसका उद्घाटन अमित शाह स्वयं करेंगे। यह कदम राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और आधुनिक न्याय व्यवस्था को लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण होगा।
ये भी देखे: सीएम नायब सैनी ने त्योहारों से पहले विशेष सफाई अभियान और वेस्ट-टू-एनर्जी संयंत्रों की घोषणा की